मनहरण घनाक्षरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मनहरण घनाक्षरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 7 जून 2020

विषय :प्रेम बीज



विधा :मनहरण  घनाक्षरी 



प्रेम का प्रसार हो जी, सुखी संसार हो जी। 
स्नेह बीज रोपने हैं, हाथ तो बढ़ाइये। 1।

दुख दर्द सोख ले जो, वैमनस्य रोक ले जो। 
छाँव दे जो तप्तों को, बीज वो लगाइए। 2।

प्रेम का हो खाद पानी, प्रेम भरी मीठी बानी ।
श्रेष्ठ बीज धरती से, आप उपजाइये ।3।

जो भी हम बोएँगे जी, वही हम काटेंगे भी। 
सोच के विचार के ही, कदम बढ़ाइये। 4।

सुधा सिंह 'व्याघ्र' 


रविवार, 3 मई 2020

मजदूरनी

विधा~मनहरण घनाक्षरी
विषय~चित्र चिंतन
शीर्षक~मजदूरनी

मेहनत मजदूरी, 
भाग्य लिखी मज़बूरी।
रात दिन खट के भी, 
मान नहीं पाती है।1।

सिर पर छत नहीं,
बीते रात दिन कहीं।
ईंट गारा ढोती घर, 
दूजे का बनाती है।2।


हौंसले की लिए ढाल,
अँचरा में बाँधे लाल।
फांके करती है कभी, 
रूखा सूखा खाती है।3।


तकदीर की है मारी,
खाए पति की भी गारी।
दुख दर्द सहके भी,
फ़र्ज वो निभाती है ।4।

सुधा सिंह 'व्याघ्र'

रविवार, 3 नवंबर 2019

देश है पुकारता... मनहरण छंद



दिनांक :३.११.१९
विधा :~मनहरण घनाक्षरी छंद ~

देश की माटी ये मेरी , लाल रक्त से सनी है।
आँखों में हैवानियत, ख्यालों में है नीचता।।

नेता खून चूस रहे , जनता फटेहाल है ।
ऐसी व्यवस्था से नहीं, कोई क्यों निकालता ।।

लाज आज लुट रही , बेटियों की देश की ।
स्वार्थ निज साधते वो, खो चुकी मनुष्यता।।

मान सम्मान इसका, दांव पे लगा है आज।
 छेड़ो युद्ध मेरे वीरों , देश है पुकारता ।।

सुधा सिंह 🦋
 🙏🙏🙏