चिड़िया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
चिड़िया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 14 मई 2020

बोल चिड़िया



🐦🐦🐦🐦🐦🐦🐦🐦🐦🐦🐦

बोल चिड़िया,
अब बेधड़क बोल।
अब तेरी बारी आई है।
दिल के सारे जख्म खोल।

बोल चिड़िया,अब बेधड़क बोल।

तुझे पिंजरे में बंद करनेवाला 
अब बचा कौन है!!!!
तेरी स्वर लहरियों को रोकने वाला 
तो अब स्वयं ही मौन है!!

अब जी भरकर चहक।
सकल विश्व पर ,अब तेरा ही प्रभुत्व है...
जहाँ चाहे, वहाँ फुदक।।

मेरी भोली चिड़िया,तेरी चीत्कारों
का हिसाब इतना ज्यादा है 
कि प्रकृति अब अहमी मनुष्य को रक्तिम 
अश्रुओं का स्वाद चखाने पर आमादा है               
मन में अब कोई भय न रख,
तू निडर होकर बहक।
अब तू आज़ाद है ,
तुझे कैद करनेवाला बर्बाद है।।

हे चिड़िया, मुक्त कंठ से,  
प्रकृति का धन्यवाद कर।
अपने कलरव -किलोल से 
फिर मेरा जहाँ आबाद कर।।

नदिया, झरने, 
पहाड़ों ,झुरमुटों से निकल 
अब बस्तियों में भी बोल

मेरे कानों में फिर से 
अपना मधु रस घोल 
अब ख़ुश होकर बोल

चिड़िया ,अब खुश होकर बोल।

🐦🐦🐦🐦🐦🐦🐦🐦🐦🐦







रविवार, 20 दिसंबर 2015

कोयल


कोयल तू चिड़ियों की रानी ,
चैत मास में आती है।
अमराई में रौनक तुझसे,
कली - कली मुसकाती है।

तेरे आने की आहट से,
बहार दौड़ी आती है।l
दूर रजाई  कम्बल होते,
हरी दूब बलखाती है।

आमों में मिठास है बढती,
वसंत ऋतु इठलाती है।
कौवे मुर्गे चुप हो जाते,
जब तू सुर लगाती है।

कर्णो में रस घुलता है ,
तेरी मीठी वाणी सुन।
अंग - अंग झंकृत हो जाता ,
कोयल तेरी ऐसी धुन।

कालिख तेरे पंखों पर है,
कंठ विराजे सरस्वती माँ।
सबको अपनी ओर खींचती,
जब भी छेड़ती राग अपना।

तेरी वाणी मधुर है इतनी,
पवन भी तान सुनाता है।
धीरे - से गालों को छूकर,
दूर कहीं बह जाता है।

कीट पतंगे जब तू खाती ,
खेतों में फ़सलें लहराती।
साथी बनकर कृषकों के,
अधरों पर मुस्कान है लाती।

कूक तेरी बंसी -सी लगती,
मादकता चहुँ ओर थिरकती।
जर में भी तरुणाई आती,
जब तू अपनी तान लगाती।

सुधा सिंह