सोमवार, 25 नवंबर 2019

सुधा की कुंडलियाँ....1

सुधा की कुंडलियाँ 



2::पॉलीथिन


थैली पॉलीथीन की, जहर उगलती जाय ।

ज्ञात हमें यह बात तो,करते क्यों न उपाय ।।
करते क्यों न उपाय, ढोर पशु खाएँ इसको ।
बिगड़ा पर्यावरण, अद्य समझाएं किसको।।
कहत 'सुधा' कर जोड़, सुधारो जीवन शैली ।
चलो लगाएंँ बुद्धि , तज़ें पॉलीथिन थैली।।



3::रोजगार



आशा के दीपक जला, फिरता माँ का लाल ।

रोजगार की खोज में, हालत है बेहाल ।।
हालत है बेहाल, नहीं कुछ उसको सूझे।
मन ही मन अकुलाय,जगत से प्रतिपल जूझे।।
है व्याकुल दिन रैन,नौकरी की अभिलाषा ।
चाहे समृद्धि मान, शान की रखता आशा।।



4 ::दहेज



यौतुक दानव लीलता,लड़की का सौभाग्य।

रीत चली ऐसी यहाँ,जो लाए दुर्भाग्य।।
जो लाए दुर्भाग्य,उसे निर्मूल बना दो ।
भूमि से नाम दाय ,सदा सदा को हटा दो ।।
कुरीतियां हों दूर, होय पृथ्वी पर कौतुक ।
बेटी हो संतुष्ट , लुप्त हो दानव यौतुक।।



5::प्रदूषण



दूषित हर एक तत्व है, पानी धरणि समीर ।

ना फ़िकर है काहू को , फल जिसके गम्भीर ।।
फल जिसके गम्भीर , प्रलय को धरती भांपे।
इस विपदा को सोच , हृदय ये हरदम काँपे।।
कहे 'सुधा' ललकार, सोच मत रखिए कुत्सित।
जल वायु रहे स्वच्छ , तत्व कोई न प्रदूषित।।



6::निर्धनता



धन वैभव सब कुछ गया, लिया कष्ट ने घेर।

कुछ खुद से गलती भई, कुछ विधना का फ़ेर।।
कुछ विधना का फ़ेर, घेर आई निर्धनता।
श्रम को ले तू साध , देख फिर भाग्य बदलता ।।
पाना भोजन स्वास्थ्य , ठान ले तू अपने मन।              
श्रम जब बने प्रधान , लौट आवे वैभव धन।।



7 ::नशा



मदिरा से दूरी भली , मदिरा दुख की खान।

कर देती ये खोखला, मदिरा जहर समान ।।
मदिरा जहर समान, नष्ट कुटुंब हो जाए ।
अशांत हो घर द्वार ,भ्रष्ट व्यवहार बनाए ।।
घर में सुख का वास, नशा जब मुक्त शिरा से ।
कर लो सुफल प्रयास , दूर रहियो मदिरा से।।



8 ::भ्रूण हत्या



नारी को सम्मान दो , नारी शक्ति स्वरूप ।

नारी ही है सुख सरित, नारी प्रेमल कूप।।
नारी प्रेमल कूप, स्नेह जीवन में भर दे।
रहे कोख में मार, सदन जो उज्ज्वल कर दे ।।
पा जाए सामर्थ्य, ज्ञान भी दीजे भारी ।
मिल जाए यदि प्रेम, खुशी पाएगी नारी।।


9::महँगाई 

महँगा सब कुछ हो गया ,चावल रोटी दाल।
नेता छूट उठा रहे, जनता है बेहाल।। 
जनता है बेहाल, कि अब जीयेंगे कैसे। 
रात कटी है सोच, कटे दिन जैसे तैसे।। 
कहे 'सुधा' कर जोड़, होय न प्याज पे दंगा। 
न हो भ्रष्ट आचार,नहीं हो कुछ भी महँगा।। 



सुधा सिंह 🦋

रविवार, 17 नवंबर 2019

मौन ही करता रहा मौन से संवाद

मौन 


नवगीत :

मौन ही करता रहा ,मौन से संवाद।
ख्वाब भीगे अश्रु से , हुए धूमिल नाद।।

प्रिय तुम्हारी याद में ,रहा विकल ये मन ।
न कोई उम्मीद थी ,ना आस की किरण ।
मिली हमको जिन्दगी, दुख जहांँ आबाद ।
मौन ही करता रहा , मौन से संवाद।।

आसमां में चाँद भी ,रो रहा दिन रात।
ओस की हर एक बूंद ,सह रही आघात।।
न कोई उल्लास अब ,न कोई अनुनाद।
मौन ही करता रहा मौन से संवाद ।

दूर अब प्रिय ना रहो, मन सदा अकुलाय।
प्यार में बदनामियां, अब सही न जाए।।
क्या उन्हें समझाएँ, क्यों करें प्रतिवाद।
मौन ही करता रहा, मौन से संवाद ।।

सुधा सिंह 🦋




    

श्रेष्ठ लड़की (कुण्डलियाँ)

बेटी दिवस 

1:कुंडलियां
लड़कों से लड़की यहाँ , श्रेष्ठ विश्व में आज।
लड़की को शिक्षित करो,लड़की सिर का ताज।।
लड़की सिर का ताज,नाम कर देगी ऊँचा।
देगी खुशी अपार, लखे संसार समूचा।।
सुगम बना दो राह, रिक्त पथ हो अडकों से।
घर लाएगी हर्ष , श्रेष्ठ लड़की लड़कों से ।।

 सुधा सिंह 🦋


अडकों:बाधाओं, रुकावटों


बुधवार, 13 नवंबर 2019

कुछ जीवनोपयोगी दोहे ..1




1:रिश्ते :

यारों इस संसार में, रिश्तों का न मोल। 
जिन नातों में प्रेम है ,  हैं वे ही अनमोल।। 

2:कालिमा :

मन में हो जब कालिमा, जग भी बैरी होय।  
हिय में प्यार जगाइये, मित्र लगे सब कोय।। 

3:अनुबंध :

सात फेरे लगते जब , बनते तब अनुबंध। 
जनमों का नाता बने,    फैले प्रेम सुगंध।। 

4:कलेवर :

रोज नए रंग देखकर, मन जाता है काँप । 
लोग कलेवर ओढ़ते,   जैसे ओढ़े साँप।। 

5:मान :

पाना हो यदि मान तो, कर लो ऐसे काम। 
मिले दुआएं लोक की, जग में होवे नाम।। 

6:प्रासाद :

सब चाहे प्रासाद को, नहीं झुग्गी की आस। 
शुचिता को हैं त्यागते , करते धर्म का नाश।। 

7:कर्महीनता 

कर्महीन हो सो रहे, सत्कर्मों को भूल। 
पीछे पछताना पड़े ,नाव न लागे कूल।। 


कुछ नए दोहे :

8:चिंतन 

चिंतन कर ले रे मना, चिंता दे बिसराय। 
पावन हो तव आतमा,हिय में हर्ष समाय।। 

9:अटल :
अटल इरादे हों अगर , सब कुछ सम्भव होय ।
मुट्ठी में हो ये जहां ,      मिले आसमां तोय।। 

10:आरक्षण :

सबको सबकुछ चाहिए,कम न किसी को भाय।
कर पसारे बैठे हैं,     आरक्षण मिली जाय ।।

11:कुर्सी 

स्वाभिमान को रौंदकर,   कुरसी पीछे धाय।
 सज्जनता बाकी नहीं, मातोश्री अकुलाय।। 

11 Nov 2019 


रविवार, 3 नवंबर 2019

देश है पुकारता... मनहरण छंद



दिनांक :३.११.१९
विधा :~मनहरण घनाक्षरी छंद ~

देश की माटी ये मेरी , लाल रक्त से सनी है।
आँखों में हैवानियत, ख्यालों में है नीचता।।

नेता खून चूस रहे , जनता फटेहाल है ।
ऐसी व्यवस्था से नहीं, कोई क्यों निकालता ।।

लाज आज लुट रही , बेटियों की देश की ।
स्वार्थ निज साधते वो, खो चुकी मनुष्यता।।

मान सम्मान इसका, दांव पे लगा है आज।
 छेड़ो युद्ध मेरे वीरों , देश है पुकारता ।।

सुधा सिंह 🦋
 🙏🙏🙏

आस.... (विधा :गीत )




आस
आस 
विधा :गीत
 दिनांक :2.11.19
 विषय :आस


 पलकों में सपने सजाए, आस मन पलती रही ।
 मन उजाला भर गया, और धुंध भी छटती रही ।।

 वो मिलेगा एक दिन, चाहा था जिसको ऐ सखी ।
 थाम कर उम्मीद का दामन, चली मैं उस गली ।।
पांँव में छाले पड़े, और याद में तिल - तिल जली।
पलकों में सपने सजाए, आस मन पलती रही ।।

 उनकी मीठी बातों ने, पल पल हँसाया था मुझे ।
 ख्वाबों ने आ आके, नींदों में जगाया था मुझे।।
 जिन्दगी सुख दुख के पंखे, से सदा झलती रही।
 पलकों में सपने सजाए, आस मन पलती रही ।।

 आज खुशियों के गगन में, सुख का सूरज है उगा।
 निविड़ तम को भेद करके, भोर भी है अब जगा।।
 प्रिय मिलन की प्यास मेरी , आज है बुझती रही।
 पलकों में सपने सजाए, आस मन पलती रही ।।


 सुधा सिंह 🦋