बुधवार, 8 जनवरी 2020

सुधा की कुंडलियाँ-5


सुधा की कुंडलियाँ

21:कुनबा
छोटा कुनबा है सही, खुश रहते सब लोग।
हृदय में कटुता न रहे,बढ़े प्रेम का योग।।

बढ़े प्रेम का योग, नहीं छल बल से नाता।
इक दूजे के *साथ ,साथ* हर एक निभाता।।
कहे सुधा ललकार,*कथन यह लगे न खोटा।*
रखो याद यह बात,रहे नित कुनबा छोटा।।



 22:पीहर
बेटी तेरी बावरी,  डूबी पीहर याद।
भुला सकूँ तुमको नहीं ,बाबुल प्रेम अगाध।।

बाबुल प्रेम अगाध,नहीं सजना घर जाना।
रहती सखियाँ संग,याद है धूम मचाना।।
कहे सुधा सुन आलि, मायका सुख  की पेटी।
समझो हिय के भाव, विदा तुम करो न बेटी।।


23:पनघट
पनघट  हुआ उदास है, पनिहारिन  किस देश।
नीरवता है छा गई,मन को पहुँचे ठेस।।

मन को पहुँचे ठेस, भाव ये किसे सुनाऊँ।
मैं उजड़ा वीरान,किसी के काम न आऊँ।।
दुखी सुधा है आज, हुए सोते अब मरघट।
संस्कृति है शोकार्त्त,अद्य निराश है पनघट।।


24:सैनिक
सैनिक सीमा पर खड़ा ,सजग रहे दिन रात।
देश प्रेम सब कुछ अहो ,मात पिता अरु भ्रात।।

मात पिता अरु भ्रात, घाम अति सहता सरदी।
तन पर झेले घात, बदन पर पहने वरदी ।।
करती सुधा प्रणाम, कर्म उनका यह दैनिक।
साहस का प्रतिरूप,त्याग दे जीवन सैनिक।।

25:कोयल
कूजति कोयल  बाग में,सुन मनवा हरषाय।
स्वागत में मधुमास के,कली कली मुसकाय।।

कली कली मुसकाय,दिवस बासंती आए।
हर्षित बालक वृद्ध,राग बासंती गाएँ।।
प्यारा यह मधुमास,छटा की रहे न अनुमिति।
देख प्रकृति का रूप,बाग में कोयल कूजति।।








रविवार, 5 जनवरी 2020

हायकू


हायकू-
घना कुहरा~
लाठी टेके चलता
बूढ़ा आदमी!

अँधेरी रात~
दूर से आती
झींगुरों की आवाज।

भोर की लाली~
चूल्हे पर खौलती
गुलाबी चाय।

जोर की आँधी~
कपड़े उतारती 
डोरी से गोरी।

तेज बारिश~
पेड़ के नीचे कुत्ता
कंपकपाता 








शुक्रवार, 3 जनवरी 2020

कुछ जीवनोपयोगी दोहे-3




17:समय:

समय को कम न आँकिए,समय बड़ा बलवान।
भूपति भी निर्धन हुए, गया मान सम्मान।।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

18:उपासना:

कर उपासना ईश की,बिगड़े बनेंगे काज!
खुशियों की कुंजी यही, यही दिलाए ताज!
🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

19:कल्याण:
राम नाम रटते रहो ,फिर होगा कल्याण ।
तर जाएगा जीव तू ,खुश होंगे भगवान।।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

20:संसार

देन लेन से चल रहा, यह झूठा संसार ।
गठरी बाँधे कर्म की,जाना है उस पार।।



मंगलवार, 31 दिसंबर 2019

अबकी केवल खुशियाँ लाना

Abki kewal khushiyan lana

अबकी केवल खुशियाँ लाना.....

नया वर्ष तेरे आगत में,
खड़े हैं हम तेरे स्वागत में,
शोक, निराशा, दुख की बदरी,
असफलता ,रोगों की गठरी,
खोद के माटी तले दबाना।
अबकी केवल खुशियाँ लाना।।

नया हर्ष ,उत्कर्ष नया हो।
नए भोर का स्पर्श नया हो।
मुरझाईं कलियाँ न हों।
अंधियारी गलियाँ न हों।
निविड़ तमस का शोर मिटाना।
अबकी केवल खुशियाँ लाना।

छुआछूत का भेद मिटे।
भाईचारा प्रेम बढ़े।।
मार -काट ,दंगे नहीं होवें।
कोई भूखे पेट न सोवे।।
मन में तुम सौहार्द्र जगाना।
अबकी केवल खुशियाँ लाना।।


शिखर प्रतिष्ठा शान मिले।
सबको उचित सम्मान मिले।।
पग -डग सबके हो आसान।
मन में तनिक न हो अभिमान।।
माया मोह और दम्भ मिटाना।
अबकी केवल खुशियाँ लाना।।

मेरे परम सनेही  साथियों व सभी भाई बंधुओं को
नव वर्ष 2020 की हार्दिक शुभकामनाएँ।

शुक्रवार, 27 दिसंबर 2019

सुधा की कुंडलियाँ-4

सुधा की कुंडलियाँ


21:बिंदी::

जगमग भाल चमक रहा, टीका बिंदी संग।
मीरा जोगन हो गई, चढ़ा कृष्ण का रंग।।
चढ़ा कृष्ण का रंग , कृष्ण है सबसे प्यारा।
छान रही वनखंड,लिए घूमे इकतारा ।।
छोड़ा है रनिवास,बसा कर कान्हा रग रग।
तुम्बी सोहे हस्त ,भाल टीके से जगमग।।
                 

22:डोली::

डोली बैठी नायिका, पहन वधू का वेश।
कई स्वप्न मन में लिए,चली पिया के देस।।
चली पिया के देस,भटू अब नैहर छूटा।
माँ बाबा से दूर, सखी से नाता टूटा।।
जाने कैसी रीत, सुबक दुल्हनिया बोली।
लगी सजन से लगन,स्वप्न बुन बैठी डोली।।


23:जीवन ::

मानव योनि जन्म मिला,कर इसका उपयोग।
जीवन व्यर्थ न कीजिये, कर लीजे कुछ योग।।
कर लीजे कुछ योग,आज मानवता रोती।
हिंसा करती राज,बीज नफरत के बोती।।
सुधा विचारे आज, बना मनुष्य क्यों दानव।
जिंदगी हो न व्यर्थ,तुष्ट हो मन से मानव।।


24:उपवन::

माता जैसे पालती,  खून से प्यारे लाल।
माली उपवन सींचता , नियमित रखता ख्याल।।
नियमित रखता ख्याल, फूल डाली पर खिलते।
चुनता खर पतवार, हस्त कंटक से छिलते।।
कहे सुधा सुन आज, बाग माली का नाता।
माली उपवन संग,यथा बालक अरु माता।।

25:कविता::

कविता मन की संगिनी, कविता रस की खान ।
कवि की है ये कल्पना, जिसमें कवि की जान ।।
जिसमें कवि की जान,स्नेह के धागे बुनता।
आखर आखर जोड़,भाव उर के व‍ह चुनता ।।
सुनो सुधा है काव्य ,तमस विलोपती सविता।
दग्ध हृदय उद्गार,सहचरी हिय की कविता।।

 26:ममता::

ममता माया में मढ़ी,मानो माँ का मोल।
महिधर महिमा में झुके,महतारी अनमोल।।
महतारी अनमोल ,न माँ की करो अवज्ञा ।
रख लो माँ का मान,चला लो अपनी प्रज्ञा।।
सुनु सुधा समझावति, मात की समझो महता।
माँ सम महा न कोय,नहीं माता सी ममता।।