शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

इंद्रधनुष




नीला अंबर नाच उठा है
पाकर इंद्र के चाप की रेख
छन छन अमृत बरस रहा है
रति मदन का प्रणय देख

सात रंग के आभूषण से
हुआ अलंकृत आज जहान
खिल उठा रुप क्षितिज का
पहन के सतरंगी परिधान

पुलकित हो गई धरा हमारी
मन भी हो रहे बेकाबू
मेघ ले रहे अंगड़ाई
सृष्टि का ये कैसा जादू..

नाचे मोर पंख फैलाए
महक उठी बगिया फुलवारी
वसुधा रोम रोम मुस्काए
जाए इंद्रधनुष पर वारी                                                                                                 इंतजार
लाल नारंगी हरा जामुनी
नीला पीला और बैंगनी
इन रंगों के संगम से
जीवन में आती सुंदरता
विविध भावों के जंगम से

जी उठते निर्जीव भी
आती अधरों पर मुस्कान
इंद्रधनुष की छटा देखके
चहके बालक,वृध्द,जवान

सुधा सिंह 🦋





सोमवार, 29 जनवरी 2018

कर्म





कल गिरा जमीं पर मुट्ठी बांध,
कल खोल हथेली जाएगा!
दो गज धरती के ऊपर से या
दो गज जमीन के नीचे ही,
तू माटी में मिल जाएगा!

माटी ही तेरी है सब कुछ,
माटी पर रहना सीख ले!
यह माटी सब कुछ देती है,
पर वापस भी ले लेती है!
माटी से जीना सीख ले!

तेरा नेम प्लेट पढ़ - पढ़ कर
वह भूमि तुझ पर हंसती है-
"तेरे बाद भी कोई आएगा
तेरा नेम प्लेट हटा करके,
वह अपनी प्लेट लगाएगा
जिसको तूने अपना समझा
कल 'गैरों' का हो जाएगा

हर क्षण जीती हूँ मैं

दोहराता है इतिहास स्वयं को
जो दिया, वही फिर पाएगा"
फिर दंभ क्यों,
इतराना क्यों?

तेरा नाम भी तेरा खुद का नहीं,
वह भी तो किसी ने दिया ही था!
फिर बंगला क्या और गाड़ी क्या?
ऊंचे महल और बाड़ी क्या?
सब कुछ तो धरा रह जाएगा!
तेरे साथ 'कर्म' ही जाएगा!

क्यों अहंकार ,
क्या लाया  है?
सब कुछ तेरा यह सोच-सोच
क्यों इतना तू भरमाया है?

तू प्यार कर, तू  स्नेह कर!
तू जीव मात्र पर दया कर!
नहीं तेरे पास कोई थाती ,
तो खुशी दे, मधु बोलकर!

तेरा कर्म ही सच्चा साथी है!
वह तेरा साथ निभाएगा!
सब छोड़ तुझे चल देंगे पर,
हमसफ़र वही बन जाएगा!
तेरे प्रयाण से पहले भी
वह कीर्ति तुझे दिलाएगा!

यह विश्व तेरा ऋणी होगा!
और तेरा कर्ज चुकाएगा!
फिर नाम तेरा स्वर्णाक्षर में,
इतिहास में लिखा जाएगा!


सुधा सिंह 🦋









रविवार, 28 जनवरी 2018

कहंँवा हो प्यारे सखे





कहंँवा हो प्यारे सखे
गोपियाँ हैं राह तके!
दर्शन की प्यास जगी,
तन मन में आग लगी!
बंसी की मधुर धुन,
सुना दो सखे!
गोपियाँ हैं राह तके!

वातावरण है नीरस,
उल्लास का कोई नाद नहीं
भूख प्यास गायब है,
मक्खन में स्वाद नहीं!
आके स्वाद इनमें,
जगा दो सखे!
क्षीरज तेरी  राह तके!

                               सूरज फिर निकलेगा, फिर चमकेगा

जमुना है शोकमय,
लहरों में रव नहीं!
कान्हा तुम्हारे बिन,
प्यारा ये भव नहींन
जमुना की लहरों को,
ऊंचा उठा दे सखे!
जमुना है राह तके!

ऋतु हो बसंत की ,
और कान्हा का संग हो!
तो झूम उठे वृंदावन,
पुलकित हर अंग हो!
तरंग सारे अंग में,
जगा जा सखे!
कण - कण है राह तके!






शुक्रवार, 26 जनवरी 2018

आया बसंत

आया बसंत, आया बसंत!

झनन - झनन बाजे है
मन का मृदंग
चढ़ गया है सभी पर
प्रेम का रस रँग

बस में अब चित नहीं
बदला है  समां- समां
स्पर्श से ऋतुराज के
दिल हुए जवां - जवां

कोकिल सुनाए
मधुर -  मधुर गीत
सरसों का रंग
देखो पीत- पीत

खेतों में झूम रही
गेहूँ की बाली
मोरनी भी चाल चले
कैसी मतवाली

ख़ुश हुए अलि - अलि
 है खिल गई कली- कली

खग-विहग हैं डार - डार
बज उठे हैं दिल के तार
सात रंगों की फुहार
भ्रमर का मादक मनुहार

प्रकृति भी कर रही
सबका सत्कार है
हुआ मन उल्लसित
चली बसंत की बयार है

धानी चुनर ओढ़
धरणी मुस्काई
तितलियों को देख - देख
गोरी इठलाई

टेसू के फूल और
आम की मंजरियाँ
सुना रहे  हैं नित- रोज
नई - नई कहानियाँ

नवजीवन का हर तरफ
हुआ है संचार
आया बसंत लेके
देखो नव बहार









शुक्रवार, 19 जनवरी 2018

बवाली बवाल..



निकली बवाली ये बातें बिना बात
मुकाबला बड़ा अलहदा हो गया है

बवाली बवाल ने ऐसा बलवा मचाया
कि चिट्ठा जगत बावला हो गया है

रचे कोई कविता और कोई कहानी
कि बेबात ये मामला हो गया है

बनता कभी है, ये फूटता कभी
अजी पानी का ये बुलबुला हो गया है

बाजी है किसकी और हारेगा कौन
बुझन में कितना झमेला हो गया है

खलल डाले नींदो मे, रातें हराम
तगड़ा बड़ा मसअला हो गया है

सिर चढ़ के सबके ये नाचन लगा है
तीन आखर का ये हौसला हो गया है

अजी छोडो बिना बात बातें बवाली
ये बवाल अब बड़ा मनचला हो गया है