शनिवार, 21 दिसंबर 2019

कुछ जीवनोपयोगी दोहे:2




12:अग्निपथ:
अग्निपथ बनी जिंदगी, बढ़ ढाँढस के साथ।
डरकर रुक जाना नहीं, तिलक लगेगी माथ।।


13:अहंकार:
अहंकार मत पालिए,यह है रिपु समरूप।
अपनों से दूरी बढ़े,है यह अंधा कूप।।


14:अनुभव:
अनुभव सम शिक्षक नहीं,मान लीजिए बात।
सच्चा पथदर्शक यही,यह न करे प्रतिघात।।


15:जलधि:
खारा पानी जलधि का,तृष्णा करे न शांत।
जाए दरिया कूल तो,रहे न कोई क्लांत।।


16:प्रतिकार
अनुचित बात न मानिये,करिये जी प्रतिकार।
साथ रहे आदर्श तो ,भव सागर हो पार ।।


सुधा की कुंडलियां-2




10::दीपक:
दीपक सम जलता रहा,भारत राष्ट्र महान।
उगे प्रवर्तक तिमिर के ,भेज रहे तूफान ।।
भेज रहे तूफान, देश से करें द्रोह ये।
आगजनी पथराव,कर रहे स्वार्थ मोह से।।
कहे सुधा कर जोड़,बनें स्वदेश के रक्षक
रहे प्रज्वलित ज्योत,जलें हम जैसे दीपक।।

   11:कजरा::
आँखों में कजरा लगा,मन ही मन मुसकात।
प्रीत मगन अभिसारिका,पिया मिलन को जात।।
पिया मिलन को जात,महावर पाँव लगाए। 
बिंदी चूड़ी पहन,नवेले स्वप्न सजाए।। 
सखे सुधा खुश आज,सजन तेरा लाखों में 
 सदा रहे सम्पन्न , खुशी चमके आँखों में।।

 12:आँचल ::
 माँ के आँचल सा सखी, जग में वसन न कोय।
 ममता ऐसे है बहे,बहता जैसे तोय।। 
बहता जैसे तोय, पुत्र की विपदा हरती।
 बालक रहे प्रसन्न,सदैव प्रार्थना करती।। 
कहे सुधा रख ध्यान,समीप न पीड़ा झाँके। 
रहे सदा खुश मात,पास रहना तुम माँ के।।

  13:झुमका: :
 सोहे झुमका कान में,पायल शोभित पाँव। 
गोरी छन छन जब चले निरखे पूरा गाँव।। 
निरखे पूरा गाँव, गात जिसके हैं चंदन । 
रूप सलोना देख, मदन रति करते क्रंदन।।
खेलत कुंतल संग ,लगावे पल पल ठुमका।
 हौले चूम कपोल ,कान में शोभे झुमका।। 

14: चूड़ी::
 चूड़ी पहने राधिका, केशव रही रिझाय । 
देख मनोहर कांति को,श्रीराधे शरमाय।। 
श्रीराधे शरमाय,कभी जल में छवि निरखे 
सुन कान्हा की वेणु ,राधिका का हिय हरखे।। 
संग बांसुरी कृष्ण,रूप सुंदर क्या कहने ।
रम्या प्रेमिल मूर्ति , रिझाती चूड़ी पहने।।   

सोमवार, 25 नवंबर 2019

सुधा की कुंडलियाँ....1

सुधा की कुंडलियाँ 



2::पॉलीथिन


थैली पॉलीथीन की, जहर उगलती जाय ।

ज्ञात हमें यह बात तो,करते क्यों न उपाय ।।
करते क्यों न उपाय, ढोर पशु खाएँ इसको ।
बिगड़ा पर्यावरण, अद्य समझाएं किसको।।
कहत 'सुधा' कर जोड़, सुधारो जीवन शैली ।
चलो लगाएंँ बुद्धि , तज़ें पॉलीथिन थैली।।



3::रोजगार



आशा के दीपक जला, फिरता माँ का लाल ।

रोजगार की खोज में, हालत है बेहाल ।।
हालत है बेहाल, नहीं कुछ उसको सूझे।
मन ही मन अकुलाय,जगत से प्रतिपल जूझे।।
है व्याकुल दिन रैन,नौकरी की अभिलाषा ।
चाहे समृद्धि मान, शान की रखता आशा।।



4 ::दहेज



यौतुक दानव लीलता,लड़की का सौभाग्य।

रीत चली ऐसी यहाँ,जो लाए दुर्भाग्य।।
जो लाए दुर्भाग्य,उसे निर्मूल बना दो ।
भूमि से नाम दाय ,सदा सदा को हटा दो ।।
कुरीतियां हों दूर, होय पृथ्वी पर कौतुक ।
बेटी हो संतुष्ट , लुप्त हो दानव यौतुक।।



5::प्रदूषण



दूषित हर एक तत्व है, पानी धरणि समीर ।

ना फ़िकर है काहू को , फल जिसके गम्भीर ।।
फल जिसके गम्भीर , प्रलय को धरती भांपे।
इस विपदा को सोच , हृदय ये हरदम काँपे।।
कहे 'सुधा' ललकार, सोच मत रखिए कुत्सित।
जल वायु रहे स्वच्छ , तत्व कोई न प्रदूषित।।



6::निर्धनता



धन वैभव सब कुछ गया, लिया कष्ट ने घेर।

कुछ खुद से गलती भई, कुछ विधना का फ़ेर।।
कुछ विधना का फ़ेर, घेर आई निर्धनता।
श्रम को ले तू साध , देख फिर भाग्य बदलता ।।
पाना भोजन स्वास्थ्य , ठान ले तू अपने मन।              
श्रम जब बने प्रधान , लौट आवे वैभव धन।।



7 ::नशा



मदिरा से दूरी भली , मदिरा दुख की खान।

कर देती ये खोखला, मदिरा जहर समान ।।
मदिरा जहर समान, नष्ट कुटुंब हो जाए ।
अशांत हो घर द्वार ,भ्रष्ट व्यवहार बनाए ।।
घर में सुख का वास, नशा जब मुक्त शिरा से ।
कर लो सुफल प्रयास , दूर रहियो मदिरा से।।



8 ::भ्रूण हत्या



नारी को सम्मान दो , नारी शक्ति स्वरूप ।

नारी ही है सुख सरित, नारी प्रेमल कूप।।
नारी प्रेमल कूप, स्नेह जीवन में भर दे।
रहे कोख में मार, सदन जो उज्ज्वल कर दे ।।
पा जाए सामर्थ्य, ज्ञान भी दीजे भारी ।
मिल जाए यदि प्रेम, खुशी पाएगी नारी।।


9::महँगाई 

महँगा सब कुछ हो गया ,चावल रोटी दाल।
नेता छूट उठा रहे, जनता है बेहाल।। 
जनता है बेहाल, कि अब जीयेंगे कैसे। 
रात कटी है सोच, कटे दिन जैसे तैसे।। 
कहे 'सुधा' कर जोड़, होय न प्याज पे दंगा। 
न हो भ्रष्ट आचार,नहीं हो कुछ भी महँगा।। 



सुधा सिंह 🦋

रविवार, 17 नवंबर 2019

मौन ही करता रहा मौन से संवाद

मौन 


नवगीत :

मौन ही करता रहा ,मौन से संवाद।
ख्वाब भीगे अश्रु से , हुए धूमिल नाद।।

प्रिय तुम्हारी याद में ,रहा विकल ये मन ।
न कोई उम्मीद थी ,ना आस की किरण ।
मिली हमको जिन्दगी, दुख जहांँ आबाद ।
मौन ही करता रहा , मौन से संवाद।।

आसमां में चाँद भी ,रो रहा दिन रात।
ओस की हर एक बूंद ,सह रही आघात।।
न कोई उल्लास अब ,न कोई अनुनाद।
मौन ही करता रहा मौन से संवाद ।

दूर अब प्रिय ना रहो, मन सदा अकुलाय।
प्यार में बदनामियां, अब सही न जाए।।
क्या उन्हें समझाएँ, क्यों करें प्रतिवाद।
मौन ही करता रहा, मौन से संवाद ।।

सुधा सिंह 🦋




    

श्रेष्ठ लड़की (कुण्डलियाँ)

बेटी दिवस 

1:कुंडलियां
लड़कों से लड़की यहाँ , श्रेष्ठ विश्व में आज।
लड़की को शिक्षित करो,लड़की सिर का ताज।।
लड़की सिर का ताज,नाम कर देगी ऊँचा।
देगी खुशी अपार, लखे संसार समूचा।।
सुगम बना दो राह, रिक्त पथ हो अडकों से।
घर लाएगी हर्ष , श्रेष्ठ लड़की लड़कों से ।।

 सुधा सिंह 🦋


अडकों:बाधाओं, रुकावटों