शनिवार, 21 मई 2016

धुंध

किस ओर का रुख करूँ, जाऊँ किस ओर
मंजिल बड़ी ही दूर जान पड़ती है।

मन आज बड़ा ही विकल है, अकुलाहट का घेरा है
हवा भी आज न जाने क्यूँ ,बेहद मंद जान पड़ती है!

मेरे इर्द -गिर्द जो तस्वीरें हैं दर्द की,
ये आसमानी सितारों की साज़िश जान पड़ती है।

दूर तक पसरी हुई ये वीरानी,ये तन्हाईयाँ
सिर पर औंधी शमशीर जान पड़ती है।

आकाश भी आज साफ़ नजर नहीं आता,
मेरी किस्मत पे छायी ~धुंध जान पड़ती है।

यहाँ घेरा ,वहाँ घेरा,
हर ओर मकड़ जाल जान पड़ता है।

थम रही हैं सांसे,बदन पड़ रहा शिथिल,
मुझे ये मेरा आखिरी सफ़र जान पड़ता है।

मंगलवार, 22 मार्च 2016

होली


रंगों का त्योहार है होली,
खुशियाँ लेकर आता है।
हर एक घर ,हर गली, मोहल्ला,
रंगों से भर जाता है।

मस्ती में सब झूमते रहते,
भंग का रंग चढ़ जाता है।
बैर भाव सब भूल हैं जाते ,
दुश्मन को दोस्त बनाता है।

पिचकारी से रंग जब निकले ,
सब पर मस्ती छाती है।
ओढ़ चुनरिया सात रंग की,
माँ वसुधा मुस्काती है।

विरह की पीड़ा लिए विरहिणी,
मन ही मन घबराती है।
अबहु तक मेरे पिया न आये,
यह टीस उसे छल जाती है।

फ़ाग कहीँ यह बीत न जाए,
ये पीर उसे सताती है।
याद लिये अपने प्रिय की,
सुख - सपनों में खो जाती है।

होली ऐसा पर्व है प्यारा,
सबको एक बनाता है।
हो  हिन्दू ,हो सिख या मुस्लिम,
हर कोई इसे मनाता है।

लाल, गुलाबी, नीले, पीले,
रंग जब सब पर पड़ते हैं।
मिट जाती है दिलों की दूरी,
सब अपने से लगते हैं।

सुधा सिंह



शुक्रवार, 12 फ़रवरी 2016

वसन्त








ऋतु वसंत की छटा निराली,
धरती पर फैली हरियाली।
पेड़ों पर गाये कोयलिया,
कलियों पर तितली मतवाली।

मदमस्त पवन गमका उपवन,
खुशबू से भीग रहा तन- मन।
धरती ने ओढ़ी पीली चुनरिया,
देख हुआ मदहोश गगन।

खेतों में बालें लहराएँ,
पक्षी पंचम स्वर में गायें।
कैसे पीछे रहे मोरनी,
वह भी अपनी तान लगाए।

आम की शाखें  बौर से भरी,
नई  कोंपले ओस से तरी।
पीली सरसों पास बुलाए,
सबके मन के तार बजाए।

मधुर -मधुर रस पीने को,
भँवरे कलियों पर मंडराएं।
सबको मस्त मगन करदे,
इसीलिये 'ऋतुराज' कहाये!